MDDA बोर्ड बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मिली मंजूरी, देहरादून-मसूरी के नियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार
- 114वीं बोर्ड बैठक में लैण्ड पूलिंग, पर्यटन, होटल, औद्योगिक भवन और व्यावसायिक परियोजनाओं पर अहम फैसले, नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, ब्यूरो। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों के सुनियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए उन्हें नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इन फैसलों से देहरादून और मसूरी क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
लैण्ड पूलिंग योजना को मिलेगा विस्तार
बैठक की शुरुआत उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा गढ़वाल आयुक्त एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड ने अनुमोदित किया। इसके पश्चात 114वीं बैठक की कार्यवाही शुरू हुई। बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे बोर्ड ने नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति दी।
25 development proposals approved at MDDA board meeting; planned development of Dehradun-Mussoorie to gain momentum.

पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
बोर्ड बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। होटल, पर्यटन इकाई, रिटेल आउटलेट, औद्योगिक भवन, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट भवन निर्माण से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। बोर्ड ने सभी मामलों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से रोजगार, निवेश और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।
नियोजित विकास पर रहा विशेष जोर
बैठक में स्पष्ट किया गया कि एमडीडीए का उद्देश्य तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा देना है। इसी सोच के तहत सभी प्रस्तावों की तकनीकी और नियामकीय समीक्षा के बाद स्वीकृति दी गई, ताकि विकास कार्य पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ सकें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्राधिकरण पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आमजन को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा करते हुए विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में आनन्द स्वरूप आयुक्त, गढवाल मण्डल (अध्यक्ष), बंशीधर तिवारी , उपाध्यक्ष मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (सदस्य), विजय कुमार, संयुक्त सचिव वित्त नामित प्रतिनिधि (सदस्य), कृष्ण कुमार मिश्र अपर जिलाधिकारी एफआर नामित प्रतिनिधि (सदस्य), तनवीर सिंह उप नगर आयुक्त नामित प्रतिनिधि (सदस्य), एसएम श्रीवास्तव मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक उत्तराखण्ड (सदस्य), सौरभ शर्मा अधिशासी अभि. पेयजल निगम (सदस्य) मोहन सिंह बर्निया सचिव मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, गौरव चटवाल, संयुक्त सचिव मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, संजीव कुमार सिंह वित्त नियंत्रक मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, शांति सिंह रावत अधिशासी अभियन्ता, सुनील कुमार, मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण, उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष द्वारा सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञयाापित करते हुये बैठक समाप्ति की घोषणा की गयी।
