साईं घाट ऋषिकेश में गंगा नदी में डूबे दिल्ली के युवक का शव बरामद, SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद ऐसे ढूंढा शव
ऋषिकेश, ब्यूरो। विगत 16 मई 2026 को लगभग सायं 5:30 बजे कोतवाली ऋषिकेश से SDRF को सूचना प्राप्त हुई कि ऋषिकेश स्थित साईं घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ढालवाला से डीप डाइविंग टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त युवक एक बस कंडक्टर था, जो पलवल से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश आया था। बस को पार्क करने के पश्चात चालक एवं परिचालक गंगा नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में डूब गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया। टीम द्वारा त्वरित एवं गहन सर्चिंग अभियान चलाते हुए लगभग 15 से 20 फीट गहराई में युवक की तलाश की गई। अथक प्रयासों के उपरांत युवक के शव को बरामद कर बाहर निकाला गया तथा आवश्यक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मृतक का विवरण:
सोनू वर्मा, पुत्र हरि चरण वर्मा
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – लाडो सराय, मालवीय नगर, नई दिल्ली

SDRF की आमजन से अपील
सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी द्वारा आमजन से अपील की गई है कि गंगा नदी का जलस्तर एवं बहाव वर्तमान में अत्यंत तेज है। कृपया अनजान अथवा गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें, घाटों पर लगाए गए चेतावनी संकेतों का पालन करें तथा बच्चों को अकेले नदी के समीप न जाने दें। सतर्कता एवं सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचाव का सर्वोत्तम उपाय है।
