RA Construction Company पर करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप, पीड़ितों ने खोला मोर्चा; फर्जी प्लाटिंग से सैकड़ों लोगों से ठगी
देहरादून, ब्यूरो। देहरादून में जमीन और फ्लैट दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मैसर्स राजेंद्र अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी (RA Construction Company), सालावाला के खिलाफ कई लोगों ने धोखाधड़ी और ठगी के गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को प्रेस क्लब में अक्षत ममगई समेत कई पीड़ितों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी आपबीती सुनाई। पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी ने प्लॉट और फ्लैट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की अग्रिम धनराशि ली, लेकिन जब जमीन के दस्तावेजों की जांच कराई गई तो कई मामलों में दस्तावेज कथित तौर पर फर्जी और जमीन का मालिकाना हक संदिग्ध पाया गया। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उन्हें लगातार बहाने बनाकर टरकाया जा रहा है और शिकायत करने पर धमकियां तक दी जा रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अक्षत ममगई ने बताया कि उन्होंने मेदनीपुर, थाना सहसपुर क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदने के लिए 27 मार्च 2026 को अनुबंध किया था और कंपनी को 23 लाख 50 हजार रुपये अग्रिम दिए थे। लेकिन जुलाई में जब वह साइट पर पहुंचे तो वहां जाने का रास्ता काश्तकार द्वारा बंद मिला।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
कंपनी से संपर्क करने पर रास्ता खुलवाने का आश्वासन दिया गया। बाद में जमीन की जांच कराई गई तो कथित तौर पर पता चला कि कंपनी के पास वहां जमीन ही नहीं है और दिखाए गए दस्तावेज भी फर्जी हैं। इसके बाद सितंबर में डील निरस्त कर रकम वापस मांगी गई, लेकिन तीन महीने से उन्हें टालने का आरोप है।
वहीं, चमोली निवासी मनोज भंडारी ने आरोप लगाया कि सभावाला में प्लॉट दिलाने के नाम पर उनसे 35 लाख रुपये लिए गए और अनुबंध पत्र तैयार किया गया। जांच में कथित तौर पर सामने आया कि कंपनी के पास वहां कोई जमीन नहीं है और दिखाए गए दस्तावेज कूटरचित हैं। मनोज भंडारी का आरोप है कि कंपनी की प्रबंधक रिचा भल्ला से कई बार रकम वापस मांगी गई, लेकिन हर बार नया आश्वासन दिया गया। इतना ही नहीं, उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। उनका दावा है कि कंपनी के स्वामी राजेंद्र अग्रवाल से मुलाकात करने पर उन्हें कार्यालय से बाहर कर दिया गया और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर शिकायत करने की चुनौती दी गई।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ

इसके अलावा तारा चंद गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2022 में उनसे फ्लैट देने के नाम पर अग्रिम धनराशि ली गई थी, लेकिन आज तक न तो उन्हें फ्लैट मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री पोर्टल, मुख्यमंत्री पोर्टल और पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत करने की बात कही।
वहीं, चांद मोहम्मद ने ईस्ट हॉप टाउन में खसरा नंबर 873 के नाम पर 12 लाख 75 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जनवरी 2026 में विक्रय अनुबंध किया गया, लेकिन जांच में पता चला कि उन्हें जिस जमीन पर प्लॉटिंग दिखाई गई थी, वह खसरा नंबर 919-ह की सरकारी भूमि है। इस मामले में उन्होंने 14 सितंबर 2026 को एसएसपी कार्यालय और 26 सितंबर को मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया।
इसी तरह डिफेंस कॉलोनी निवासी अभिषेक बिष्ट ने आरोप लगाया कि सभावाला में प्लॉट दिलाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपये लिए गए और 29 जुलाई 2025 को विक्रय अनुबंध किया गया। बाद में दस्तावेजों की जांच में कथित तौर पर गड़बड़ी सामने आई। उन्होंने 11 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने की बात कही।
वहीं, सतीश कंसल ने दावा किया कि राजेंद्र अग्रवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा करीब 200 लोगों के साथ जमीन के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने बताया कि मेदनीपुर में प्लॉट देने के नाम पर उनसे 10 लाख 41 हजार रुपये लिए गए थे, लेकिन जांच में जमीन के दस्तावेज कथित तौर पर फर्जी निकले। रकम वापस मांगने के लिए कई बार कंपनी कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
पीड़ितों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित फर्जी दस्तावेजों की जांच हो, उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

