स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तारा दत्त सेमवाल स्मृति मेले में अवतरित हुए बंचाण गांव के पांडव पश्वा, इन्हें किया गया सम्मानित
देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने मेले में किया प्रतिभाग, अंतिम दिन रही इन कार्यक्रमों की धूम
बड़कोट, ब्यूरो। त्रिवेणी घाट गंगनानी बड़कोट मे अनमोल ग्राम स्वराज संस्थान के तत्वाधान में तीन दिवसीय मेले का शनिवार को समापन हुआ। इस दौरान ग्राम सभा बंचाण गांव के पांडवों के नृत्य की प्रस्तुति ने सभी को भक्ति भाव से विभोर कर दिया। कलाकार सुनील अनिल, बेसारी, विनोद सिंह चौहान ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से सभी का मनोरंजन किया।
अनिल बेसारी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ गाने में लोगों के दिलों को छू लिया और पंडाल में बैठी महिलाओं की आंखें नम हो गईं। कन्नू जांदू होलु प्रभु नंदू का बैराट पर अनिल बेसारी ने पांडवों के पश्वा पर देवता अवतरित करवा दिए। इससे पंडाल में भक्ति का माहौल बन गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रतिभा सम्मान उत्तरकाशी जनपद की जमुना रावत को दिया गया।
बता दें कि जमुना रावत विगत वर्षों से अपने पहाड़ी व्यंजनों को हर महोत्सव एवं मेलों में प्रचारित एवं प्रसारित करती हैं। उन्होंने इस मेले में भी दोनों दिन अपने द्वारा तैयार किए गए मंडवा की रोटी, खीर यात्रियों को परोसी जिससे मध्य प्रदेश राजस्थान से आए हुए यात्री बहुत ही प्रसन्न हुए और कहा कि होटलों में भी पहाड़ी भोजन बनना चाहिए।


आजीविका कौशल विकास के क्षेत्र में तियां-धारी के भगवती प्रसाद को सम्मानित किया गया। इन्होंने स्वयं सहायता समूह में आजीविका के सहयोग से अपने घर में साबुन की फैक्ट्री लगाई है और कई उत्पाद तैयार कर रहे हैं, जिससे वह आत्मनिर्भर होने के साथ ही कई लोगों को रोजगार दिया है। ऐसा करने से पलायन रुकेगा, ऐसी प्रेरणा सभी युवाओं को दे रहे हैं।
संस्कृति संरक्षण के लिए अनिल बेसारी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रतिभा सम्मान दिया गया। अनिल बेसारी विगत 20 वर्षों से अपनी रवांई की संस्कृति के लिए कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर विकासखंड नौगांव के स्वयं सहायता समूह के द्वारा लगाए गए स्टॉल में मेले में आए लोगों ने खूब सामग्री खरीदी और उत्तराखंड की महिलाओं के द्वारा उत्पादित जैविक सामग्री की सराहना की। उपेन्द्र रावत, ग्राम प्रधान बंचाण गांव को सामाज में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। गणेश टैंट हाऊस की ओर से पूरा कार्यक्रम धूमधाम के साथ सम्पन्न करवाया गया।
इस दौरान शिव सक्ति महादेव संगठन के सुनिल शर्मा, रमेश कुशवा, कृष्णा दुबे, सूरज लोहनी, अक्षत सेमवाल, नरेश डिमरी समस्त श्रद्धालुगण मौजूद रहे।
