- देहरादून में मिठाइयों की ट्रे से ऑनलाइन स्टोर तक FDA की छापेमारी, मिलावट के संदेह में तीन सैंपल लिए
- खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जीएमएस रोड स्थित दुकानों और जेप्टो स्टोर का किया निरीक्षण, निर्माण व अवसान तिथि भी जांची
देहरादून, ब्यूरो। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर शुक्रवार को देहरादून के जीएमएस रोड क्षेत्र में विभिन्न मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदेह के आधार पर काजू कतली, सोन पापड़ी और मिल्क केक के तीन नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए।
FDA swings into action again during the festive season! Raids conducted from sweet shops to online stores; three samples collected on suspicion of adulteration.
मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान मिठाई की दुकानों में रखी ट्रे पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि अंकित होने की जांच की। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के साथ ही खाद्य कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण टीम में नगर निगम क्षेत्र के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह और विकासनगर के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी शामिल रहे।

ऑनलाइन सप्लाई होने वाली मिठाइयों की भी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ऑनलाइन माध्यम से खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों को भी जांच के दायरे में रखा। इसी क्रम में ओलंपस हाई स्कूल के निकट स्थित हाईपर नेक्स्ट (जेप्टो) स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां ऑनलाइन आपूर्ति की जा रही पैक्ड मिठाइयों पर अंकित निर्माण तिथि और अवसान तिथि की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर काजू कतली, सोन पापड़ी और मिल्क केक के तीन नमूने लिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट के खिलाफ अभियान रहेगा जारी : विनय शंकर पांडेय
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मिठाई की दुकानों के साथ ही ऑनलाइन माध्यम से खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। निर्माण तिथि और अवसान तिथि की जांच उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मिलावट के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।

