ईस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप: उत्तराखंड का ऐतिहासिक प्रदर्शन, पहली बार सभी चारों वर्गों में खिताबी जीत
देहरादून, ब्यूरो। उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने भुवनेश्वर में आयोजित योनेक्स सनराइज ईस्ट जोन इंटरस्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक, बालिका, पुरुष एवं महिला टीम चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह कारनामा उत्तराखंड ने पहली बार किया है। उत्तराखंड की महिला एवं पुरुष टीमें पिछले 6 वर्षों से लगातार जोनल चैंपियन हैं।
बालक टीम चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने ओडिशा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, बालिका टीम चैंपियनशिप में उत्तराखंड ने पश्चिम बंगाल को 2-0 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पुरुष टीम चैंपियनशिप के फाइनल में उत्तराखंड ने बिहार को 3-0 से हराकर खिताब जीता। इसी प्रकार, महिला टीम चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने उत्तर प्रदेश को 3-1 से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

व्यक्तिगत एवं युगल स्पर्धाओं में भी शानदार प्रदर्शन
टीम चैंपियनशिप के साथ-साथ उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत एवं युगल स्पर्धाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
Men’s Final: अंश ने दिव्यन केजरीवाल को 15-11, 15-11 से हराकर खिताब जीता।
Girls U-19: अक्षिता एवं शांभवी ने आदित्य एवं रिद्धिमा को 15-10, 15-9 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
Boys U-19: प्रभु को सक्षम के हाथों 8-15, 11-15 से हार का सामना करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक प्राप्त किया।
Women’s Doubles: स्नेहा एवं उन्नति को आदित्य एवं रिद्धिमा के हाथों 15-10, 7-15, 12-15 से हार का सामना करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक प्राप्त किया।
उत्तराखंड की टीमों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय दिया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि खिलाड़ियों की प्रतिभा, निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट टीम प्रदर्शन को दर्शाती है।
इस शानदार सफलता में मुख्य कोच डी. के. सेन, कोच लोकेश नेगी, कोच बलजीत सिंह एवं मैनेजर जयश्री ध्यानी के मार्गदर्शन, मेहनत और सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी. एस. मनकोटी, मुख्य कोच डी. के. सेन, कोषाध्यक्ष राम अवतार समेत समस्त बैडमिंटन परिवार, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उत्तराखंड की सभी विजेता टीमों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है और इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों, कोचों एवं सहयोगी टीम को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
