- जिम से बाहर आते ही क्रशर संचालक विक्रम को मारी गोली, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, शहर में नकाबन्दी
- एक बदमाश बाइक स्टार्ट कर था तैयार, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, पूरे शहर में नकाबन्दी
देहरादून, ब्यूरो। देहरादून में शुक्रवार सुबह एक और सनसनीखेज वारदात ने शहर को दहला दिया। सिल्वर सिटी मॉल के सिटी सेंटर l जिम में कसरत करने आए 45 वर्षीय स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मूल रूप से काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करने वाले विक्रम शर्मा वर्तमान में देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह जिम पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 10:30 बजे जैसे ही वह जिम से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। एक साथी को मुख्य सड़क पर बाइक के साथ तैयार रखा गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, मृतक को किसी प्रकार के खतरे की आशंका थी और वह स्वयं भी पिस्टल लेकर आया था, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने या हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। 2 दिन पहले भी ठीक उसी समय तिब्बती मार्केट के बाहर शहीद कर्नल के बेटे अर्जुन को बदमाशों ने गोली मारी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक विक्रम शर्मा झारखंड का हिस्ट्रीशीटर गैंगस्टर है जिसपर इसके व इसके साथियों पर 50 से अधिक मुकदमे भी हैं।
