सनातन प्रीमियर लीग: ACA देहरादून में 6 और 7 फरवरी को होगा ट्रायल, SPL में विजेता टीम को मिलेंगे 31 लाख रुपये
SPL में विजेता टीम को 31 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे।
देहरादून, ब्यूरो। क्रिकेट, संस्कृति और जीवन मूल्यों के अनूठे संयोजन के साथ सनातन प्रीमियर लीग (एसपीएल) का पहला सीजन मार्च 2026 में आयोजित किया जाएगा। इसकी कड़ी में अब देहरादून में निःशुल्क ट्रायल आयोजित किया जा रहा है । यह ट्रायल अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी (एसीए) ग्राउंड्स, नेशनल स्कूल ऑफ क्रिकेट, देहरादून में 6 और 7 फरवरी को आयोजित होगा, जहां सैकड़ों युवा खिलाड़ी पहुंचकर अपना हुनर दिखाएंगे
एसपीएल के संस्थापक विजय शर्मा हैं, जबकि सह-संस्थापक देव जोशी और आनंद मिश्रा हैं। लीग का आयोजन सनातन क्रिकेट क्लब द्वारा किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य ऐसे युवाओं तक पहुंचना बताया गया है, जो क्रिकेट से जुड़े तो रहते हैं, लेकिन कई बार जीवन मूल्यों और सामाजिक दिशा से भटक जाते हैं। आयोजकों का मानना है कि खेल को सही मार्गदर्शन और उद्देश्य मिले, तो यह समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
एसपीएल के ट्रायल देश के प्रमुख शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद वे 12 से 15 मार्च के बीच इंदौर में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। लीग का उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देना है। मैचों का प्रसारण प्रमुख स्पोर्ट्स चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर किए जाने की बात कही गई है।
लीग को कई संतों और आध्यात्मिक गुरुओं का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त है। इनमें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज, पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज, पूज्य पंडित श्री प्रदीप मिश्रा जी, पूज्य चिन्मयानंद बापू जी महाराज, पूज्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज और पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि यह पहल केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा अभियान है।
देहरादून ट्रायल के दौरान चयनकर्ता शत्रुघ्न तिवारी, विनू चौधरी, प्रणव शर्मा, सिद्धार्थ जोशी और राजेश शर्मा भी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, इससे निष्पक्ष चयन प्रक्रिया और प्रतिभा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।
प्रसिद्ध कथावाचक और सनातन धर्म प्रचारक पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने कहा,“सनातन क्रिकेट लीग का आयोजन सामाजिक कल्याण और सनातन मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, देशभक्ति, सेवा और सांस्कृतिक संस्कार विकसित करना है।
यह लीग उन प्रतिभाशाली बच्चों को निःशुल्क अवसर देती है, जिनके पास सही मंच और संसाधन नहीं होते। आज के समय में जब युवा तनाव और नैतिक गिरावट जैसी चुनौतियों से गुजर रहे हैं, ऐसे प्रयास उन्हें नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और दिशा देते हैं। खेल के साथ-साथ यह पहल टीमवर्क, सकारात्मक सोच और संघर्ष क्षमता को भी बढ़ाती है। साथ ही लीग से प्राप्त राशि का उपयोग बेटियों की शिक्षा, विवाह और उपेक्षित बेटियों की सुरक्षा जैसे सामाजिक कार्यों में किया जाएगा।”
SPL में विजेता टीम को 31 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कार, बाइक और नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे यह देश की सबसे आकर्षक ग्रासरूट क्रिकेट पहलों में शामिल हो जाती है।
लीग के माध्यम से सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों को भी समर्थन देने की बात कही गई है। इसमें प्राकृतिक आपदाओं के समय सहायता, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, एसिड अटैक पीड़ितों का पुनर्वास, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता, गंभीर स्वास्थ्य जरूरतों के लिए आर्थिक मदद, और वंचित वर्ग की बेटियों के विवाह में सहयोग जैसे कार्य शामिल हैं।
